Bareilly News: सीएम योगी ने दी बरेली मंडल की विकास योजनाओं को हरी झंडी, इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर
Bareilly News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बरेली मंडल के चार जिलों- बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर की विकास योजनाओं की समीक्षा की। सर्किट हाउस में हुई इस अहम बैठक में उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांसदों और विधायकों के प्रस्तावों पर विशेष ध्यान दिया, ताकि विकास कार्य ज़मीनी ज़रूरतों के हिसाब से हों।

सैटेलाइट फ्लाईओवर बनेगा Y-शेप, पीलीभीत बाईपास होगा फोरलेन
बैठक में कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है।
सैटेलाइट फ्लाईओवर: कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के प्रस्ताव पर सैटेलाइट फ्लाईओवर को Y-शेप में बनाने की स्वीकृति दी गई। इससे आवागमन और सुगम हो जाएगा।
पीलीभीत बाईपास: पीलीभीत बाईपास को फोरलेन में बदलने का फैसला किया गया, जिससे पीलीभीत रोड पर यातायात आसान और सुरक्षित होगा।

नाथ गलियारा: बहुप्रतीक्षित नाथ गलियारा योजना को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सुभाषनगर अंडरपास: सुभाषनगर अंडरपास को प्राथमिकता दी गई, जिससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने में आसानी होगी।
नई सड़क: पवन विहार कॉलोनी के पीछे हरूनगला से नागदेवता मंदिर तक एक नई सड़क बनाने को भी मंजूरी मिली। यह सड़क न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी सुधारेगी।
जनप्रतिनिधियों की सलाह पर ही बनें विकास योजनाएं: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना का प्रस्ताव बनाने से पहले जनप्रतिनिधियों की सलाह लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनप्रतिनिधियों की ज़मीनी समझ और अनुभव के आधार पर होने चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, हमारा लक्ष्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और हर योजना का ठोस परिणाम दिखना चाहिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया कि वे अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की लगातार निगरानी करते रहें। इस बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर समेत कई सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: Bareilly News: सीएम योगी का पिछली सरकारों पर हमला, बोले- 2017 से पहले होती थी नौकरियों की डकैती

