UP News: CM योगी ने दी 400 नई बसों की सौगात, महिला परिचालकों को वितरित किया नियुक्ति पत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ से प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई नई सौगातें दीं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने परिवहन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर 400 नई बसों को हरी झंडी दिखाई गई, साथ ही कई नई सेवाओं की शुरुआत भी हुई।

परिवहन विभाग की प्रमुख घोषणाएं
- सीएम योगी ने 400 बीएस-सिक्स बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें, इलेक्ट्रिक बसें, सीएनजी बसें और एयर कंडीशनिंग बसें शामिल थीं, जो पर्यावरण के अनुकूल हैं और यात्रियों को बेहतर सुविधा देंगी।
- मुख्यमंत्री ने एक नई हेल्पलाइन 149 लॉन्च की, जिससे आम जनता को परिवहन सेवाओं से जुड़ी जानकारी और शिकायत दर्ज करने में आसानी होगी।
- अब प्रदेश के 1.5 लाख जनसेवा केंद्रों के माध्यम से लोग परिवहन विभाग से जुड़ी 45 से अधिक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
- सीएम ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तीन महिला परिचालकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये महिलाएँ आलमबाग और कैसरबाग डिपो में अपनी सेवाएँ देंगी।

पीपीपी मॉडल पर बनेंगे आधुनिक बस स्टेशन
मुख्यमंत्री ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित होने वाले सात आधुनिक बस स्टेशनों का शिलान्यास भी किया। इन बस स्टेशनों को विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ बनाया जाएगा। इनमें जीरो रोड (प्रयागराज), सिविल लाइंस (प्रयागराज), गाजियाबाद ओल्ड (गाजियाबाद), रसूलाबाद (अलीगढ़), चारबाग (लखनऊ), अयोध्या धाम (अयोध्या) और विभूति खंड गोमतीनगर (लखनऊ) शामिल हैं। इसके अलावा, विभिन्न बस स्टेशनों के पुनर्निर्माण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का भी शुभारंभ किया गया।

नए सेंटर और ऑडिटोरियम का लोकार्पण
सीएम ने एडीटीसी और आरवीएसएफ के नए केंद्रों को भी प्रमाणपत्र वितरित किए, जो परिवहन क्षेत्र में प्रशिक्षण और सुरक्षा को बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम में आईआईटी खड़गपुर और परिवहन विभाग के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए, जो परिवहन क्षेत्र में तकनीकी विकास और शोध को बढ़ावा देगा।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर ऑडिटोरियम के नवीनीकरण और उच्चीकरण का लोकार्पण भी किया। मरकरी और मार्स ऑडिटोरियम के नवीनीकरण का शिलान्यास भी किया गया। इन तीनों ऑडिटोरियम के नवीनीकरण पर 1760.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन सभी पहलों से उत्तर प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।
Also Read: Lucknow News: इंस्टाग्राम पर चेतावनी देने के बाद CM आवास के…

