महुआ मोइत्रा के बयान पर भड़के सीएम योगी, बोले- भारतीय का अपमान
Sandesh Wahak Digital Desk: तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी से पूरे देश से माफी मांगने की मांग की है।
महुआ मोइत्रा मीडिया से बात करते हुए सीमापार से होने वाली घुसपैठ के मुद्दे पर सरकार को घेर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने अमित शाह के लिए कुछ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस सांसद द्वारा की गई असंसदीय और आपत्तिजनक टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है। उन्होंने आगे कहा कि यह टिप्पणी भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले हर भारतीय का अपमान है और टीएमसी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद द्वारा की गई असंसदीय और आपत्तिजनक टिप्पणी अक्षम्य तथा घोर निंदनीय है।
तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती यह टिप्पणी भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास करने वाले प्रत्येक…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 30, 2025
असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेताओं ने भी की निंदा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महुआ मोइत्रा का वीडियो ही उनकी मानसिकता का जवाब है और इस पर और कुछ कहने की जरूरत नहीं है।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी इस बयान को लोकतंत्र पर एक धब्बा बताया। उन्होंने कहा कि महुआ मोइत्रा का बयान टीएमसी और इंडिया ब्लॉक की हताशा और अराजक मानसिकता को दिखाता है। उन्होंने ममता बनर्जी को मॉडर्न जिन्ना बताते हुए पूछा कि क्या उनकी पार्टी में लोकतांत्रिक बहस की जगह सिर्फ जहरीली और हिंसक भाषा रह गई है? इस टिप्पणी को लेकर महुआ मोइत्रा के खिलाफ दिल्ली में बीजेपी विधायक रविंद्र नेगी और पश्चिम बंगाल के नादिया में एक पार्टी कार्यकर्ता ने शिकायत भी दर्ज कराई है।

