22 सितंबर से लागू हो रही नई GST दरों को लेकर CM योगी ने की प्रेस वार्ता, जानें किसको क्या मिलेगा फायदा?
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में हुए जीएसटी सुधारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों के लिए एक बड़ा ‘दीवाली गिफ्ट’ बताया है। गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि ये सुधार न केवल महंगाई से राहत देंगे, बल्कि व्यापार को भी नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि इन बदलावों का लाभ 22 सितंबर से, यानी शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से मिलना शुरू हो जाएगा।
जीएसटी में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद अब तक का सबसे बड़ा सुधार किया गया है। पहले की चार टैक्स स्लैब 5%, 12%, 18% और 28% को घटाकर अब केवल दो स्लैब 5% और 18% कर दिया गया है। 12% और 28% की दरें पूरी तरह से खत्म कर दी गई हैं। इससे आम उपभोक्ता को सीधी राहत मिलेगी।
किसको कितना फायदा?
1. घरेलू उपभोक्ताओं को राहत: रोजमर्रा की चीजों जैसे दूध, दही, पनीर, शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल और बच्चों के सामान पर अब सिर्फ 5% या 0% टैक्स लगेगा। इससे घरेलू खर्च कम होंगे और लोगों की खरीदने की क्षमता बढ़ेगी।
2. किसानों और ग्रामीण भारत को लाभ: ट्रैक्टर, टायर, कीटनाशक और सिंचाई उपकरणों पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है। इससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादन बढ़ेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
3. बीमा और इलाज होगा सस्ता: जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर लगने वाला जीएसटी पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। दवाइयों और जांच किट पर भी टैक्स कम किया गया है, जिससे इलाज सस्ता होगा।
4. ऑटोमोबाइल और शिक्षा: कार और बाइक पर जीएसटी 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। शिक्षा से जुड़ी सामग्री, जैसे नोटबुक और पेंसिल पर टैक्स पूरी तरह से हटा दिया गया है।
यूपी को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार होने के कारण इन सुधारों का सबसे ज्यादा फायदा उत्तर प्रदेश को मिलेगा। उन्होंने बताया कि जीएसटी से पहले यूपी में वैट से सिर्फ ₹49,000 करोड़ का राजस्व आता था, जो अब बढ़कर ₹1.15 लाख करोड़ हो गया है।
ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) योजना के तहत बनने वाले उत्पादों, जैसे बनारसी साड़ी, लखनऊ की चिकनकारी और बरेली के जरदोजी, पर अब केवल 5% जीएसटी लगेगा, जिससे इन उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी के इन सुधारों से देश में टैक्स देने वालों की संख्या 65 लाख से बढ़कर 1.51 करोड़ हो गई है, जिससे सरकार की आय बढ़ी है। इसी आय का उपयोग हाईवे, रेलवे, एयरपोर्ट और अन्य विकास परियोजनाओं में किया जा रहा है।
Also Read: Bahraich News: डिप्टी सीएम की बैठक में सपा विधायक को नहीं मिली एंट्री, जानें क्या था मामला ?

