होमगार्ड जवानों को सीएम योगी का तोहफा, अब आयुष्मान भारत की तर्ज़ पर मिलेगा कैशलेस इलाज

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड जवानों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को होमगार्ड विभाग के 63वें स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि प्रदेश के होमगार्ड जवानों को अब आयुष्मान भारत की तर्ज पर कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने होमगार्ड विभाग को इस संबंध में जल्द ही प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश दिया, जिसे सरकार लागू करेगी।

आलमबाग स्थित होमगार्ड मुख्यालय के मैदान में आयोजित रैतिक परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। उन्होंने परेड की सलामी ली और खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।

सीएम ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति के विशिष्ट और सराहनीय सेवा पदक विजेता रहे होमगार्ड विभाग के अधिकारियों और जवानों को पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। महाकुंभ से लेकर चुनावी ड्यूटी, यातायात व्यवस्था और थानों के सहयोग तक, हर जगह वे महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं।

CM Yogi Home Guard Ayushman Bharat

परेड कमांडर ने मुख्यमंत्री को सलामी दी। परेड में 12 प्लाटून शामिल थीं, जिनमें इंसास राइफल, पुरुष और महिला प्लाटून, यातायात और फायर फाइटिंग की प्लाटून थीं। इस दौरान बाइक पर सवार थंडर बोल्ट दस्ता और बैंड ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि जवानों ने नए-नए आयाम तय करते हुए अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि जवानों के ड्यूटी भत्ता और एरियर का भुगतान अब ऑनलाइन माध्यम से पारदर्शी हो गया है। उन्होंने होमगार्ड जवानों के पुलिस बल के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की और बताया कि डायल 112 समेत पुलिस विभाग के अधिकांश वाहनों में होमगार्ड जवान ही चालक की सेवा दे रहे हैं। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मुख्यमंत्री सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: Lucknow News: देश में साइबर सुरक्षा को मजबूती देगा टीएनवी सिस्टम सर्टिफिकेशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.