CM योगी ने किया अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का सम्मान, नाम पर स्कॉलरशिप का ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर कदम रखा, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, का सोमवार को उनके गृहनगर लखनऊ में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका सम्मान किया और उनके अनुभव को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

सीएम योगी ने कहा कि चार दशक बाद किसी भारतीय को अंतरिक्ष यात्रा का मौका मिला और यह हमारा सौभाग्य है कि यह मौका उत्तर प्रदेश के बेटे को मिला। उन्होंने कहा कि शुभांशु की अंतरिक्ष यात्रा हम सभी के लिए उत्सुकता का विषय थी, और हर भारतवासी ने बड़े गर्व के साथ इसे देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु की यह सफलता उत्तर प्रदेश के युवाओं को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

सीएम ने किया स्कॉलरशिप का ऐलान

इस अवसर पर, सीएम योगी ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के नाम पर एक स्कॉलरशिप की घोषणा की। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों को दी जाएगी जो स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में पढ़ाई कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि चार साल पहले प्रदेश में स्पेस टेक्नोलॉजी का कोई पाठ्यक्रम नहीं था, लेकिन अब दर्जन भर से ज्यादा संस्थानों में इससे जुड़े कोर्स चलाए जा रहे हैं, जो भारत के विकास में यूपी की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

इस कार्यक्रम में शुभांशु के माता-पिता और पत्नी को भी सम्मानित किया गया। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने उनके परिवार को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए।

‘अंतरिक्ष में शरीर में होते हैं कई बदलाव’

अभिनंदन समारोह में शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में बिताए अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि जब कोई पहली बार अंतरिक्ष में जाता है तो शरीर में बहुत से बदलाव होते हैं, क्योंकि वह माइक्रोग्रेविटी का अनुभव करता है। उन्होंने बताया कि वहां भूख नहीं लगती और शरीर में खून का बहाव भी बदल जाता है। शुभांशु ने कहा कि यह मानव इंजीनियरिंग का कमाल है कि हम ऐसी जगह पर भी जीवन को बनाए रख पाते हैं, जहाँ जीवन संभव नहीं है।

उन्होंने लखनऊ के भव्य स्वागत की तारीफ करते हुए कहा कि यह दिल्ली से भी बढ़कर था। उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश दिया कि 2040 तक आपमें से कोई न कोई जरूर चाँद पर जाएगा और वे खुद भी इस दौड़ में उनके साथ होंगे।

 

Also Read: अखिलेश यादव पर भड़के ब्रजेश पाठक, बोले- सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं सपा अध्यक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.