सीएम योगी ने किया युवा कॉन्क्लेव-2025 का उद्घाटन, बोले- अब हर युवा बनेगा ‘जॉब क्रिएटर’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में सीएम युवा कॉन्क्लेव एवं एक्सपो-2025 का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के युवाओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) को “स्वरोजगार से स्वावलंबन तक की यात्रा” का सशक्त माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री ने मंच से बताया कि इस योजना के तहत अब तक 68,000 से ज्यादा युवाओं को 2,751 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त और गारंटी मुक्त ऋण दिया जा चुका है। साथ ही, 10% मार्जिन मनी की सुविधा भी राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है। सीएम योगी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश के युवाओं में अनलिमिटेड पोटेंशियल है, ज़रूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच देने की। सीएम युवा योजना यही कर रही है हर युवा को एक नई उड़ान दे रही है।

प्रदर्शनी में इनोवेटिव स्टार्टअप्स, बिजनेस ऑन व्हील्स और फ्रेंचाइज़ी मॉडल्स की झलक
इस अवसर पर सीएम योगी ने फ्रेंचाइज़ी मॉडल, बिजनेस ऑन व्हील्स और अन्य इनोवेटिव व्यवसायों की ब्रांड्स और मशीनरी से सजी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही मशीनरी सप्लायर्स पोर्टल ‘UP MART’ की भी लॉन्चिंग की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष 17 एमओयू (समझौता ज्ञापन) भी साइन किए गए। सीएम योगी ने निर्देश दिया कि राज्य के हर जिले से कम से कम 50 युवाओं को इस एक्सपो में लाया जाए ताकि वे स्टार्टअप से जुड़ी योजनाओं, संसाधनों और मार्केट एक्सेस की जानकारी ले सकें।
‘ब्याज नहीं देना, गारंटी नहीं देनी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम युवा योजना की सबसे बड़ी खूबी इसकी ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त संरचना है। उन्होंने कहा, “युवाओं के पास अक्सर आइडिया होता है, हौसला होता है, लेकिन पूंजी और मार्गदर्शन की कमी से वे रुक जाते हैं। सीएम युवा योजना उन सभी बाधाओं को तोड़ने का काम कर रही है।”

सीएम योगी ने कहा यह सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि युवाओं का आंदोलन है। यह उन लाखों युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो कुछ करना चाहते हैं लेकिन संसाधनों की कमी से पीछे रह जाते हैं। उन्होंने मंच से उन युवाओं का ज़िक्र भी किया जिन्होंने सीएम युवा योजना के ज़रिए सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि इन सभी की कहानियों में एक बात सामान्य है सपना उन्होंने देखा, लेकिन उसे पूरा सरकार ने किया।
‘लीक से हटकर चलिए, सफलता ज़रूर मिलेगी’
मुख्यमंत्री योगी ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “हमारे संस्थान अब समाज और सरकारी योजनाओं से कटते जा रहे हैं। जब जानकारी नहीं होती, तो युवा गलत स्कीम में फंस जाते हैं, कर्ज के बोझ से टूटते हैं और फिर पलायन करते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।”

उन्होंने कहा कि सीएम युवा योजना अब युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बना रही है। साथ ही यह भी जानकारी दी कि आज प्रदेश में कोई भी उद्यम शुरू करने पर पहले 1,000 दिन तक किसी तरह की लाइसेंस बाध्यता नहीं है। इतना ही नहीं, 5 लाख रुपये का बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
ओडीओपी से आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत
सीएम योगी ने कहा कि 2017 में सत्ता में आने के बाद पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने पारंपरिक उद्योगों को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई। इसी क्रम में 2018 में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना की शुरुआत हुई। उन्होंने बताया कि हर जिले की एक खास पहचान को बढ़ावा देने वाली यह योजना अब उत्तर प्रदेश की ब्रांड बन चुकी है। इसका असर यह है कि प्रदेश का निर्यात 86,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि, “पहले त्योहारी बाजारों में चीन का सामान छाया रहता था, लेकिन अब ओडीओपी के स्थानीय उत्पाद हर घर तक पहुंच रहे हैं।” इसके अलावा, सरकार ने 2019 में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना भी शुरू की, जिससे पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
यूपी के हुनर को मिलेगा वैश्विक मंच, इंटरनेशनल ट्रेड शो में होगी प्रदर्शनी
सीएम योगी ने बताया कि 25 से 29 सितंबर 2025 के बीच नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के उत्पादों को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि यूपी में इतना प्रोडक्शन होता है, लेकिन अब लाखों लोग इस आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।”

कई दिग्गज रहे मौजूद
इस भव्य कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और कई अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow News: डिंपल यादव को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

