यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो 2025 का सीएम योगी ने किया शुभारंभ, बोले- अब सहकारिता से मजबूत होगी गांव की अर्थव्यवस्था
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में युवा सहकार सम्मेलन और यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो-2025 का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम का स्वागत पारंपरिक भगवा अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने एक्सपो में लगे विभिन्न स्टॉल्स का बारीकी से निरीक्षण किया और सहकारी क्षेत्र के नवाचारों की सराहना की।
31 दिसंबर तक चलेगा सहकारिता का यह मेला
यह एक्सपो 21 दिसंबर से 31 दिसंबर तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य सहकारिता के क्षेत्र में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों और भविष्य के रोडमैप को जनता के सामने रखना है। सरकार चाहती है कि आम लोग, युवा और किसान इस आंदोलन से सीधे जुड़ें। एक्सपो में कृषि, दुग्ध उत्पादन, बैंकिंग, मार्केटिंग और स्टार्टअप्स से जुड़े सहकारी मॉडल्स को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को भी प्रमुखता दी गई है।

समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, पहले की सरकारों में इस विभाग को लूटा जा रहा था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे नई पहचान दी है। मंत्री ने बताया कि अभियान चलाकर 2 लाख से अधिक नए सदस्यों को जोड़ा गया है, जिससे 54 लाख का सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पहले किसान बैंकों से पैसा निकालने को लेकर चिंतित रहते थे, लेकिन आज वे सहकारी संस्थाओं में पैसा निवेश करने आ रहे हैं।

प्राइवेट बैंकों को टक्कर देंगे सहकारी बैंक
सरकार का लक्ष्य जिला सहकारी बैंकों को इतना मजबूत बनाना है कि वे प्राइवेट बैंकों के साथ बराबरी में खड़े हो सकें। जेपीएस राठौर ने भरोसा जताया कि आज का युवा सहकार कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने में एक मील का पत्थर साबित होगा।
Also Read: South Africa Firing: जोहान्सबर्ग में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 12 हमलावरों के हमले में 10 की मौत, 10 घायल

