CM योगी ने रखी ‘लोकतंत्र के मंदिर’ की नींव, डेढ़ साल में तैयार होगा चुनाव आयोग का भव्य कार्यालय

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ की अवध विहार योजना में राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह भवन अगले डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया को और मजबूती मिलेगी।

क्यों खास है यह नया भवन?

सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उत्तर प्रदेश का राज्य निर्वाचन आयोग सबसे ज़्यादा जनप्रतिनिधियों का चुनाव कराता है। यहां 12 करोड़ से भी ज़्यादा मतदाता हैं, लेकिन अब तक आयोग के पास अपना भवन नहीं था। इस कमी को दूर करने के लिए, अब लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से एक छह-मंज़िला भवन बनाया जाएगा। यह भवन 2618.59 वर्ग मीटर में फैला होगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएं होंगी। सीएम ने कहा कि यह भवन पारदर्शी और सुव्यवस्थित चुनाव व्यवस्था को और भी सशक्त बनाएगा।

‘जनता हमारे लिए जनार्दन है’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों की विशाल प्रक्रिया को आयोग अब बेहतर तरीके से पूरा कर सकेगा। उन्होंने बताया कि अकेले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में 12 करोड़ से ज़्यादा मतदाता होते हैं, जो कई राज्यों की कुल आबादी से भी ज़्यादा है। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि योगी सरकार लगातार प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है और ऐसे काम हो रहे हैं जो पहले कभी नहीं हुए।

Also Read: Jaunpur News: सफाई कर्मियों की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई, दो…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.