सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी फरियाद, गरीबों की जमीन कब्जाने वालों को सबक सिखाने का दिया आदेश

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन, रविवार सुबह भी गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याएँ सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की।

सीएम योगी ने कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद पहुँचकर उनके प्रार्थना पत्र लिए और उन्हें आश्वस्त किया, घबराइए मत, हर समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। हर पीड़ित की शिकायत का प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। जनता दर्शन में कई लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

किसी भी गरीब की जमीन पर यदि कोई कब्ज़ा करने की कोशिश करे तो उसे ठीक से सबक सिखाया जाए। गरीब की जमीनों पर दबंग या माफिया का कब्ज़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए कि यदि किसी मामले में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है, तो इसकी जाँच कर जवाबदेही तय की जाए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए तुरंत मदद

इस बार भी जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुँचे थे। एक महिला द्वारा किडनी के इलाज और डायलिसिस के लिए धनराशि न होने की बात कहने पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अफसरों को पैसे की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया और महिला को ढांढस बंधाया, घबराओ मत उपचार की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज के लिए अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराकर शासन में भेजें, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त राशि दी जा सके।

Also Read: यूपी समेत 12 राज्यों में SIR अभियान की समय सीमा बढ़ी, अब 11 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.