सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, हर समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुलाकात की और उनकी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याओं को सुना।
त्वरित निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री के सामने पुलिस, आर्थिक सहायता, जमीन विवाद और पारिवारिक मामलों से जुड़ी कई शिकायतें आईं। सीएम योगी ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निश्चित समयावधि में इन सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें और पीड़ितों से फीडबैक भी लें।
सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच कर कब्जा हटवाने और दोषियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कई पीड़ितों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट बनवाने को कहा और आश्वस्त किया कि “धन के अभाव में किसी का भी इलाज अधूरा नहीं रहेगा। इलाज की व्यवस्था के लिए सरकार आपके साथ खड़ी है।”
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच
जनता दर्शन में एक महिला लोकगीत कलाकार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मंच दिलाने की मांग की। सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को उन्हें कार्यक्रम दिलाने का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जिले में लोककलाओं को प्राथमिकता दे रही है और कई आयोजन भी कराए जाते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पंजीकृत और स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक मौका मिलना चाहिए ताकि उनकी कला को बढ़ावा मिल सके।
Also Read: ‘सरकार बनी तो बिहार में शरिया कानून लागू करेंगे’, आचार्य प्रमोद कृष्णम का तेजस्वी यादव पर हमला

