‘स्वच्छताकर्मियों का नहीं होगा शोषण’, सीएम योगी का बड़ा ऐलान, जल्द खातों में आएंगे 20 हज़ार रुपये

Sandesh Wahak Digital Desk:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वाराणसी में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में भाग लिया और स्वच्छता कर्मियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सीएम योगी ने साफ किया कि जल्द ही स्वच्छताकर्मियों का शोषण खत्म होगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

सीएम ने कहा कि ऑर्डर जारी होने वाला है, और कुछ ही दिनों के अंदर स्वच्छताकर्मियों के अकाउंट में सीधे ₹16,000 से ₹20,000 रुपये आएंगे। उन्होंने कहा कि सारी तैयारियां चल रही हैं और पोर्टल तैयार किए जा रहे हैं ताकि कोई उनका शोषण न कर पाए।

स्वास्थ्य सुरक्षा और वाल्मीकि जयंती

मुख्यमंत्री ने स्वच्छताकर्मियों के स्वास्थ्य को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई मित्रों और स्वच्छताकर्मियों को ₹5 लाख रुपये के आयुष्मान भारत कार्ड की स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराने जा रही है। भगवान वाल्मीकि जयंती (7 अक्टूबर) पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सीएम ने महर्षि वाल्मीकि को भारत की ऋषि परंपरा और सनातन धर्म का भाग्य विधाता बताया।सीएम ने आह्वान किया कि इस दीपावली पर हर कार्यकर्ता हर गरीब के घर मिठाई पहुँचाए ताकि समाज में समरसता बनी रहे।

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा और जनप्रतिनिधियों को नसीहत

सीएम योगी ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत उत्कृष्ट योगदान करने वाले स्वच्छाग्रहियों का सम्मान किया और उन्हें स्वच्छता किट वितरित की। उन्होंने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा भी की।

सीएम ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर मौके पर ही उनकी समस्याओं को सुनता है, जनता उसे लगातार आशीर्वाद देती रहती है। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लहजे में कहा कि बहुत से लोग चुनाव के समय दिखाई देते हैं, तो जनता कहती है— “आ गइल!” उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाकर नारी गरिमा की रक्षा की है। यह स्वस्थ भारत के साथ-साथ सशक्त और समर्थ भारत की आधारशिला है।

काशी को टॉप-5 में लाने का आह्वान

सीएम योगी ने वाराणसी के कार्यकर्ताओं और स्वच्छता मित्रों के 75 दिन तक चले अभियान की सराहना की और कहा कि काशी ने स्वच्छता रैंकिंग में 41वें से 17वें रैंक पर आकर बड़ी प्रगति की है। उन्होंने सभी काशीवासियों से आह्वान किया कि काशी को देश के टॉप-5 स्वच्छ शहरों में लाने के लिए प्रयास करें और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें।

Also Read: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 को मतगणना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.