बहराइच में भेड़िए के हमले के पीड़ित परिवारों से मिले CM योगी, 5 लाख मुआवजे की घोषणा

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज (27 सितंबर) बहराइच के फखरपुर ब्लॉक में आदमखोर भेड़िए के हमले में मारे गए बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों के लिए बड़े मुआवजे की घोषणा करने के साथ-साथ मंझारा तौकली गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख, घायलों को ₹50 हजार का मुआवजा

मंझारा तौकली में पीड़ितों के परिवारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से राहत राशि की घोषणा की। हमले में जान गंवाने वाले चार बच्चों के परिजनों को ₹5-5 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। इसके साथ ही भेड़िए के हमले में घायल हुए 16 लोगों को ₹50-50 हजार की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि भेड़िए द्वारा काटे गए सभी लोगों को रेबीज का इंजेक्शन तत्काल प्रभाव से लगाया जाए।

मझारा तौकली के लिए बड़े विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने गांव के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि मंझारा तौकली के सभी ग्राम वासियों को जिनके पास पक्के मकान नहीं हैं, उन्हें पक्का मकान दिया जाएगा। जिनके घर शौचालय नहीं हैं, उन्हें तत्काल शौचालय उपलब्ध कराया जाएगा। पक्के मकान वाले सभी लोगों के घरों पर सरकार की तरफ से दरवाजे लगाए जाएंगे, और पूरे गांव में लाइटिंग की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, सांसदगण करण भूषण सिंह व आनंद कुमार गौड़, विधायकगण सुरेश्वर सिंह, सुभाष त्रिपाठी, अनुपमा जायसवाल, रामनरेश वर्मा, सरोज सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह और एमएलसीगण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Also Read: बरेली बवाल: मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार, भेजे गए जेल, 10 मुकदमे दर्ज, इंटरनेट बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.