Prayagraj News: सीएम योगी ने संगम पर किया त्रिवेणी पूजन, माँ गंगा की उतारी आरती
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज के दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सीएम योगी ने सबसे पहले संकट मोचन हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की और फिर संगम पर पहुँचकर त्रिवेणी पूजन किया।
हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले रामबाग स्थित शहर उत्तरी के भाजपा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के आवास पहुँचे। यहाँ आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लेते हुए, सीएम योगी ने श्रीविजय प्रद हनुमान जी की प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की। उन्होंने पूजन-अर्चन और आरती भी उतारी।
आयोजक विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट किया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संगम पहुँचे। वे वीआईपी घाट से बोट में सवार होकर संगम नोज पहुँचे। इस दौरान उन्होंने बोट से ही यमुना नदी में कलरव कर रहे पक्षियों को दाना भी खिलाया। संगम नोज पर पहुँचकर सीएम ने त्रिवेणी संगम पर पूजन-अर्चन किया और फिर माँ गंगा की आरती उतारी। उन्होंने माँ गंगा के चरणों में शीश झुकाकर माघ मेले की सफलता की कामना की।
बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन
संगम से वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़े हनुमान मंदिर पहुँचे। सीएम ने वहाँ हनुमान जी के चरणों के समक्ष बैठकर दर्शन-पूजन किया, आरती उतारी और विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने हनुमान कॉरिडोर का भी निरीक्षण किया और इस दौरान आमजन का अभिवादन भी स्वीकार किया।

