बिहार के नरपतगंज में गरजे CM योगी, बोले- अब न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सब चंगा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन, रविवार को अररिया जनपद के नरपतगंज हाईस्कूल स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों कांग्रेस, राजद और समाजवादी पार्टी पर सीधा और कड़ा प्रहार किया। सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में बिहार की जनता को चेतावनी दी कि यहाँ पर फिर से जंगलराज लाने की कोशिश करने वालों को रोकना बेहद ज़रूरी है।

विकास को पंचर करने की साजिश

योगी आदित्यनाथ ने अपने तीखे अंदाज में कहा, पंचर बनाने वाले यहाँ आकर विकास को पंचर करने का काम करना चाहते हैं। नरपतगंज को किसी भी सूरत में घुसपैठियों का लॉन्चिंग पैड नहीं बनने देना है। उन्होंने कहा कि जिस बिहार ने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और ज्ञान की रोशनी दी, उसी बिहार को कांग्रेस और राजद की जोड़ी ने निरक्षरता और अराजकता की तरफ धकेल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने जातीय विभाजन, माफियागीरी और सरकारी खजानों की लूट मचाकर बिहार को बीमारू बना दिया।

माफिया पर बुलडोजर मॉडल

सीएम योगी ने अपने बुलडोजर मॉडल का ज़िक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया पर बुलडोजर चलता है और उसकी हड्डी पसली एक कर दी जाती है। माफियाओं द्वारा कब्जा की गई ज़मीन पर गरीबों के लिए हवेलियाँ बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को भी जंगलराज से मुक्ति की इसी राह पर आगे बढ़ना होगा।

राम मंदिर और आस्था का सम्मान

सीएम योगी ने आस्था और विकास दोनों का सम्मान करने के लिए एनडीए की सराहना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण एनडीए की प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जबकि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा देकर कहा था कि राम हुए ही नहीं। आरजेडी ने रथयात्रा को रोका था। समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोली चलाई थी। उन्होंने कहा कि बिहार जब से कांग्रेस-राजद के दौर से बाहर आया है, तभी से विकास की राह खुली है। उन्होंने एनडीए के सुशासन की सफलता को दर्शाते हुए कहा कि यूपी में अब न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सब चंगा है।

Also Read: Varanasi News: सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम का शुभारंभ, 5 दिसम्बर तक चलेंगे विविध आयोजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.