लखनऊ में मैंगो फेस्टिवल का आगाज, सीएम योगी बोले- काकोरी ब्रांड के नाम से दुनिया भर में महकेगा यूपी का आम

Lucknow News: राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार से तीन दिवसीय भव्य आम महोत्सव की शुरुआत हो गई। दोपहर करीब 11:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप जलाकर इस रंगारंग उत्सव का उद्घाटन किया। मेले में घूमते हुए मुख्यमंत्री ने जब प्रदर्शनी में रखा 800 ग्राम का एक विशालकाय आम देखा, तो वे खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने मुस्कुराते हुए उस आम को दोनों हाथों में उठाया और तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान उन्होंने फल उत्पादक किसानों से बात कर उनकी फसलों की खूबियाँ भी जानीं।

किसानों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने बेहतरीन काम करने वाले प्रगतिशील बागवानों और किसानों को सम्मानित भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के रसीले आमों की मांग आज ब्रिटेन, यूएई, कुवैत और मलेशिया जैसे कई बड़े देशों में है। हमारे आमों को वैश्विक पहचान देने के लिए हमने इसे काकोरी ब्रांड नाम दिया है, जो हमारे स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के प्रति एक सच्चा सम्मान और देशप्रेम की भावना को दर्शाता है।

सीएम योगी बोले- काकोरी ब्रांड के नाम से दुनिया भर में महकेगा यूपी का आम

मोदी मैंगो और योगीराज नाम की किस्में आकर्षण का मुख्य केंद्र

इस तीन दिवसीय महोत्सव में आम की 800 से भी अधिक अनूठी और पारंपरिक किस्में लोगों को आकर्षित कर रही हैं। मेले में मोदी मैंगो और योगीराज नाम की किस्में आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। इनके अलावा नूरजहां, याकूती, बनाना मैंगो, लालिमा और टॉमी एटकिंस जैसी दुर्लभ किस्में भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। सदाबहार दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अल्फांसो और लखनऊ सफेदा जैसी वैरायटी भी यहाँ मौजूद हैं। आमों के साथ-साथ यहाँ आम से बने स्वादिष्ट अचार, पल्प, जूस और कई अन्य घरेलू उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

Also Read: चंपत राय भी जा सकते हैं जेल, विनय कटियार का दावा, PM मोदी से देर रात बातचीत का किया जिक्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.