सिवान रैली में CM योगी का RJD पर करारा हमला, बोले- अपराधी को नहीं, विकास करने वाले को दें वोट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बिहार के सिवान जिले के रघुनाथपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया और एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट माँगा। अपनी आक्रामक शैली में योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर निशाना साधा, खासकर उनके स्थानीय प्रत्याशी की पृष्ठभूमि को लेकर।

सीएम योगी ने कहा, मुझे आश्चर्य हुआ जब मैं रघुनाथपुर में आया और आकर के मैंने देखा कि आरजेडी ने यहाँ से जो प्रत्याशी दिया है। वह अपनी खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए इस पूरे क्षेत्र में नहीं, देश और दुनिया में कुख्यात रहा है। नाम भी देखो ना! जैसा नाम, वैसा काम।

उन्होंने जनता से अपील की कि हमें अपराधी नहीं, माफिया नहीं, बल्कि विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने वाला जनप्रतिनिधि चाहिए और गरीबों के साथ खड़ा होने वाला प्रतिनिधि चाहिए।

108 नंबर पर दिया जोर

सीएम योगी ने रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के नंबर का जिक्र करते हुए भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा, रघुनाथपुर विधानसभा का नंबर 108 है। 108 नंबर सनातन धर्म का शुभ नंबर है। किसी अशुभ को मत आने देना… किसी ऐसे व्यक्ति को मत आने देना जो यहाँ की पहचान के साथ संकट खड़ा करे।

राम मंदिर और जानकी मंदिर पर घेरा

सीएम योगी ने RJD और कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि RJD के लोग आज भी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का विरोध कर रहे हैं। साथ ही, वे सीतामढ़ी और उसके आसपास के क्षेत्र में माँ जानकी के भव्य मंदिर के निर्माण और कॉरिडोर के विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों का भी विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने याद दिलाया कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होने से पहले ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने राजर्षि दशरथ जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया था। सीएम योगी ने RJD पर राम मंदिर के रथ को रोकने का पाप करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक (RJD) ने बिहार में और एक (कांग्रेस) ने यूपी के अंदर नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया।

Also Read: योगी सरकार का किसानों को तोहफा, गन्ने के SAP में 30 रुपये प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक बढ़ोतरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.