श्रीराम यंत्र की स्थापना पर बोले सीएम योगी, अंधविश्वास कहकर जिसे अपमानित किया गया, आज वही बनी भारत की अटूट आस्था
Ayodhya News: राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर (अंतिम तल) पर श्रीराम यंत्र की स्थापना के साथ ही मंदिर निर्माण की पूर्णता का संकल्प साकार हो गया है। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला और सनातन धर्म की विजय का शंखनाद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में उन संघर्षों को याद किया, जो राम मंदिर के लिए सदियों तक लड़े गए। उन्होंने कहा, भारत की जिस आस्था को कभी अंधविश्वास कहकर अपमानित किया जाता था, आज वही आस्था पूरे विश्व में जगमगा रही है। अपमान करने वाले वही लोग थे जो कभी सत्ता के गलियारों में बैठे थे, लेकिन रामभक्तों की भक्ति न कभी डगमगाई और न ही दमन के आगे झुकी।
राम मंदिर, भारत का राष्ट्रीय मंदिर
योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि अयोध्या का यह पावन धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह भारत का राष्ट्रीय मंदिर बन गया है। यह देश की एकता और सांस्कृतिक संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज हर सच्चा भारतीय और सनातन धर्मावलंबी इस पूर्णता को देखकर परम आनंद का अनुभव कर रहा है।

नई पीढ़ी और बदलता भारत
मुख्यमंत्री ने युवाओं की बदलती सोच की सराहना करते हुए कहा, यह एक नया और बदलता हुआ भारत है। आज की युवा पीढ़ी अपनी जड़ों की ओर लौट रही है। अब युवा नववर्ष मनाने के लिए किसी पर्यटन स्थल या पिकनिक पर नहीं, बल्कि देव-दर्शन के लिए मंदिरों की ओर रुख कर रहे हैं। हमारी नई पीढ़ी सही राह पर है और यह उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंदिर के दूसरे और अंतिम तल पर श्रीराम यंत्र को विधि-विधान से स्थापित किया। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर पूरी अयोध्या नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
मुख्य सड़कों और चौराहों पर भगवा झंडे, सजावटी पताकाएं और प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू व सीएम योगी के भव्य पोस्टर लगाए गए थे। सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
Also Read: Bareilly News: गुर्जर समाज का शक्ति प्रदर्शन, नवनियुक्त युवा नेताओं का पगड़ी से हुआ शाही अभिनंदन!

