अवैध घुसपैठियों पर CM योगी का कड़ा रुख, हर जनपद में बनेंगे अस्थायी डिटेंशन सेंटर
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अवैध घुसपैठ को लेकर सभी जिलाधिकारियों (DM) को त्वरित और सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समरसता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध घुसपैठियों के लिए डिटेंशन सेंटर
मुख्यमंत्री ने अवैध घुसपैठियों की पहचान और उन्हें उनके मूल देश भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। प्रत्येक जिला प्रशासन को अपने क्षेत्र में रहने वाले अवैध घुसपैठियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि घुसपैठियों को रखने के लिए प्रत्येक जनपद में अस्थायी डिटेंशन सेंटर का निर्माण किया जाए।
इन केंद्रों में विदेशी नागरिकता वाले अवैध व्यक्तियों को रखा जाएगा और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें वहीं आवास सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद, तय प्रक्रिया के तहत उन्हें उनके मूल देश भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक ताने-बाने को बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

