Balrampur News: CM Yogi की खुली चेतावनी, विकास में रुकावट डालने वाले अराजक तत्वों का होगा विनाश
Balrampur News: बरेली में आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद से जुड़ी घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार सार्वजनिक बयान दिया है। बलरामपुर में विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास के मौके पर सीएम योगी ने विकास विरोधी और अराजक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब एक ओर प्रदेश और देश विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं, वहीं कुछ तत्व ऐसे हैं जो समाज में अराजकता फैलाकर इन विकास योजनाओं को बाधित करने की कोशिश करते हैं।
सीएम योगी ने सख्त लहजे में कहा, त्योहारों और उत्सवों के अवसर पर यह अराजक तत्व समाज में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश करते हैं। वे मानते हैं कि अराजकता उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। लेकिन मैं उन्हें यहां स्पष्ट चेतावनी देता हूं कि यदि आप विकास में रुकावट डालने का प्रयास करेंगे, यदि आप अराजकता और अशांति के माध्यम से योजनाओं को बाधित करेंगे, तो यही विकास सबसे पहले आपके विनाश का कारण बनेगा।
योगी आदित्यनाथ ने साफ किया कि सरकार विकास योजनाओं में किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों को ऐसी सज़ा दी जाएगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
जनता से अपील, अराजक तत्वों को पहचानें
मुख्यमंत्री ने जनता से भी अपील की कि समाज को ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की आवश्यकता है, जो उत्सव और सौहार्द बिगाड़ने का षड्यंत्र रचते हैं। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सहयोग देने और ऐसे असामाजिक तत्वों को पहचानकर प्रशासन को सूचना देने का आग्रह किया।
बलरामपुर की जनता को भरोसा दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर चलते हुए प्रदेश को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है और विकास की रफ्तार किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दी जाएगी।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Azamgarh News: पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

