जहाँ गुरु के चरण पड़ें, वह स्थान रामराज्य जैसा पवित्र, CM योगी ने लखनऊ में किया गुरुचरण यात्रा का स्वागत
Lucknow News: दिल्ली से चलकर तख्तश्री पटना साहिब की ओर जा रही ‘पवित्र जोड़े साहिब–गुरुचरण यात्रा’ आज लखनऊ पहुँची, जहाँ इसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। सबसे पहले, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं इस यात्रा का स्वागत किया और सिख गुरुओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे रकाबगंज गुरुद्वारे पहुँचे। उन्होंने गुरुचरण साहिब में सिर नवाकर आशीर्वाद लिया और दानपात्र में लिफाफा डाला। उनके साथ उनके सलाहकार रिटायर्ड IAS अवनीश अवस्थी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।

सिख गुरु का योगदान अतुलनीय
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर सिख गुरुओं के योगदान को अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा, हमारी परंपरा में यह मान्यता है कि जहाँ भी गुरु महाराज के पावन चरण पड़ते हैं, वह स्थान रामराज्य की तरह पवित्र हो जाता है।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस यात्रा और कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ है, जिसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का धन्यवाद किया।

नई प्रेरणा का स्रोत है यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरु का भारत की सनातन परंपरा में योगदान अतुलनीय है। उन्होंने बताया कि 250 वर्षों से गुरुसाहब की चरण पादुका को पाकिस्तान से भारत में स्थापित करने के लिए यह यात्रा दिल्ली से चली है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, इस यात्रा के माध्यम से हमें सिख परंपरा के साथ-साथ नई प्रेरणा मिलती है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ का गुरु तेग बहादुर महाराज और गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ाव रहा है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से इस यात्रा से जुड़ने और आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।

