शिक्षक दिवस पर CM योगी करेंगे शिक्षकों को सम्मानित, 81 टीचर्स को मिलेगा ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’
लोकभवन में आयोजित होगा कार्यक्रम, प्रधानाचार्यों को मिलेंगे टैबलेट और स्मार्ट क्लास के लिए प्रमाण पत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित एक समारोह में शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के 81 शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।
किन शिक्षकों को मिलेगा सम्मान?
इस साल परिषदीय विद्यालयों के 66 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’ से नवाज़ा जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मॉनिटरिंग के लिए प्रधानाचार्यों को टैबलेट और विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित करने के लिए प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से शिक्षकों के नवाचारों पर आधारित दो किताबों ‘उद्गम’ और ‘गुल्लक’ का विमोचन भी करेंगे। साथ ही, ‘उद्गम’ के डिजिटल प्लेटफॉर्म और ‘बाल वाटिका हस्तपुस्तिका’ का भी शुभारंभ होगा। इसी दिन प्रदेश के दो शिक्षकों को दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।
सीएम योगी ने दी शिक्षक दिवस की बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को बधाई दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि महान दार्शनिक और शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है और वे हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और राष्ट्र व समाज के हित में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान भी किया।
Also Read: मोदी सरकार का भ्रष्टाचार उजागर करने में RTI कार्यकर्ताओं का अहम रोल- अजय राय

