जाति-धर्म आधारित कार्यवाही आदेश पर CM योगी का एक्शन, पंचायती राज के संयुक्त निदेशक निलंबित
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायती राज विभाग के उस विवादास्पद आदेश पर कड़ा ऐतराज जताया है, जिसमें ग्रामसभा भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई को जाति विशेष (यादव) और धर्म विशेष (मुस्लिम) से जोड़ते हुए निर्देश जारी किए गए थे।
मुख्यमंत्री ने इसे भेदभावपूर्ण और अस्वीकार्य करार देते हुए तत्काल प्रभाव से आदेश को निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए संबंधित संयुक्त निदेशक एस.एन. सिंह को निलंबित कर दिया।

जातीय-धार्मिक आधार पर कार्रवाई को बताया अस्वीकार्य
सीएम योगी ने कहा किसी भी परिस्थिति में ऐसी भाषा और सोच स्वीकार्य नहीं है। यह शासन की नीतियों के विपरीत है और समाज में विभाजन पैदा करने वाला कदम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और कानून के आधार पर निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए, न कि जाति या धर्म के आधार पर। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार समरसता, सामाजिक न्याय और सबको समान अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां किसी भी व्यक्ति, वर्ग या समुदाय के प्रति पूर्वाग्रह से प्रेरित नहीं हो सकतीं और यह प्रतिबद्धता संविधान व न्याय की मूल भावना के अनुरूप है।
Also Read: Lucknow News: ओमेक्स वाटर एस्केप में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप

