गाजीपुर में सीएम योगी का हवाई सर्वेक्षण, बाढ़ पीड़ितों को तुरंत राहत पहुंचाने का निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजीपुर का हवाई सर्वेक्षण किया। वाराणसी में अपना प्रवास पूरा करने के बाद सीएम योगी ने हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।

बाढ़ प्रभावितों को न हो कोई असुविधा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से साफ तौर पर कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशासनिक अमला लगातार निगरानी रखे और शरणालयों में रह रहे लोगों को समय पर भोजन, पानी और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में हर नागरिक के साथ खड़ी है, और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
स्वास्थ्य और पशुओं के चारे पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के चारे और पीने के पानी की शुद्धता पर खास ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने का भी आदेश दिया। साथ ही, बाढ़ग्रस्त गांवों में जरूरी दवाओं, जैसे एंटी-स्नेक वेनम और एंटी-रैबीज टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्यों को तेज करने और बाढ़ पीड़ितों तक तुरंत मदद पहुंचाने पर जोर दिया।
Also Read: Lucknow News: शुभांशु शुक्ला से मिले पीयूष, बोले- सहपाठी पर आज हर कोई गर्व महसूस कर रहा है

