सीएम योगी का शिक्षकों को बड़ा तोहफा, 9 लाख परिवारों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ

Sandesh Wahak Digital Desk: शिक्षक दिवस 2025 के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के लाखों शिक्षकों और शिक्षण स्टाफ के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान, सीएम योगी ने घोषणा की कि राज्य के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोईया को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, शासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, वित्त पोषित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को कैशलेस उपचार की सुविधा देगी। इसके साथ ही, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और रसोईया को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। इस ऐतिहासिक फैसले से उत्तर प्रदेश के लगभग 9 लाख शिक्षक और उनके परिवार यानी 9 लाख परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।

जल्द लागू होगी योजना, विभागों को निर्देश

इस नई व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू करने के लिए सीएम योगी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा से जुड़े सभी विभाग इस औपचारिकता को बहुत जल्द पूरा करें। सीएम ने अधिकारियों से कहा एक समय-सीमा के अंदर इसको पूरा कर लें जिससे यह सुविधा सबको प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि इस कदम से राज्य में शिक्षा का स्तर और मजबूत होगा, क्योंकि शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने की तैयारी

कैशलेस इलाज की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए एक और बड़ी खबर दी। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार इन दोनों वर्गों के मानदेय (वेतन) को बढ़ाने पर विचार कर रही है। सीएम ने कहा मैंने एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है, जिसमें शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय को बढ़ाने के लिए भी हम लोग कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इन लोगों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे भी कदम से कदम मिलाकर इस अभियान में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि समिति की रिपोर्ट बहुत जल्द उनके पास आने वाली है और सरकार इस दिशा में कुछ बेहतर करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि उनका पूरा विश्वास है कि इन कदमों से राज्य के सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

शिक्षक दिवस पर कई और सौगातें

यह घोषणाएं शिक्षक दिवस पर आयोजित ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह’ में की गईं, जहाँ सीएम योगी ने 81 शिक्षकों को सम्मानित भी किया। इस दौरान ‘गुल्लक’ और ‘बाल वाटिका’ जैसी पुस्तकों का विमोचन, ‘उद्गम’ के डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ, 2204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरण और 1236 स्कूलों में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण भी किया गया।

Also Read: यूपी में निवेश को मिलेगी नई गति, 1.68 लाख करोड़ की परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन में तेजी के निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.