CM योगी का पुलिस को ‘दो टूक’ निर्देश, बोले- गुंडागर्दी करने वालों को उठाकर बंद करो
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दबंगों द्वारा कमजोर वर्ग को धमकाने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बेहद सख्त लहजे में कार्रवाई के निर्देश दिए।
गुंडागर्दी पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई दबंग किसी गरीब या कमजोर व्यक्ति को डराता या धमकाता है, तो उसे तुरंत उठाकर जेल में बंद किया जाए। सीएम ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि यदि किसी मुकदमे का अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी (शिकायतकर्ता) को डरा रहा है, तो उसकी जमानत निरस्त (Cancel) कराने के लिए तत्काल विधिक कार्यवाही की जाए। जमीन कब्जाने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन की मुख्य बातें
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए करीब 200 लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु मदद मांगने आए लोगों को सीएम ने भरोसा दिलाया कि “धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।” उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल से इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत फंड जारी करेगी। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए ‘त्वरित और संतुष्टिपरक’ समाधान का संकल्प दोहराया।
संवेदनशील स्वरूप
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय चेहरा भी दिखा। उन्होंने परिजनों के साथ आए बच्चों को दुलार किया, उन्हें आशीर्वाद दिया और अपने हाथों से चॉकलेट भेंट की। उन्होंने अधिकारियों को याद दिलाया कि सरकार का लक्ष्य बिना भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।
Also Read: भारत की ऊर्जा सुरक्षा को बड़ी मजबूती, 42 हजार टन LPG लेकर ‘जग वसंत’ पहुंचा कांडला पोर्ट

