CM योगी का ‘होली गिफ्ट’, 1.86 करोड़ परिवारों के खाते में पहुंचे फ्री सिलिंडर के पैसे
Sandesh Wahak Digital Desk: होली के पावन पर्व से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को बड़ी सौगात दी है। शनिवार को राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने सिलिंडर रीफिल के लिए सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की।
₹1,500 करोड़ की धनराशि जारी
डबल इंजन सरकार ने अपने वादे के मुताबिक होली के उपहार स्वरूप कुल 1,500 करोड़ रुपये की राशि वितरित की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि लाभार्थी अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर फ्री में भरा हुआ सिलिंडर ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि “होली समता का पर्व है, जहाँ न कोई छोटा है न कोई बड़ा।”
कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पुरानी सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले गैस सिलिंडर के लिए सिफारिशें लगानी पड़ती थीं और यह सिर्फ रसूखदारों के पास होता था। लेकिन आज पीएम मोदी और सीएम योगी की बदौलत हर गरीब के घर में गैस चूल्हा जल रहा है। उन्होंने सरकारी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन की सराहना की।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य: “अमीरी-गरीबी की खाई हुई कम”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से लेकर पीएम आवास और शौचालय तक, हर योजना ने गरीबों का जीवन बदला है। उन्होंने बताया कि बलिया से शुरू हुई उज्ज्वला योजना ने देश के 10 करोड़ से अधिक लोगों को सम्मान दिया है। साथ ही उन्होंने आगामी समय में 2 करोड़ और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य साझा किया।
कैसे उठाएं लाभ?
सरकार द्वारा जारी की गई यह राशि उज्ज्वला योजना के उन लाभार्थियों के लिए है जिन्होंने अपने आधार को बैंक खाते से लिंक कराया है। लाभार्थी होली से पहले या उसके तुरंत बाद अपनी गैस एजेंसी से रीफिल प्राप्त कर सकते हैं।
Also Read: राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को दी चेतावनी, बोले- टीम प्लेयर बनो वरना रिजर्व बेंच पर बैठा देंगे

