श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सीएम योगी का संदेश, बोले– हर पुलिसकर्मी बने धर्म, कर्म और सेवा का प्रतीक
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पुलिस परिवार और प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने और समाज में शांति व सौहार्द स्थापित करने की अपील की। सीएम योगी ने पुलिस को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनकी भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज में सौहार्द और एकता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

“कर्मण्येवाधिकारस्ते…” राष्ट्रीय कर्तव्यों का आधार है
मुख्यमंत्री ने कहा कि 5000 वर्ष पूर्व मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का अवतरण केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों के लिए राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” को राष्ट्रीय कर्तव्यों का आधार बताया। उन्होंने पुलिस से इस उपदेश को जीवन में उतारने की अपील की, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

उन्होंने “परित्राणाय साधुनाम् विनाशाय च दुष्कृताम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि सज्जन शक्तियों का संरक्षण और दुष्ट शक्तियों का विनाश ही समाज में सकारात्मक माहौल पैदा करेगा। सीएम योगी ने पुलिस कर्मियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात कर निष्काम कर्म के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। समारोह में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read: सपा से निष्कासित पूजा पाल बोली : ‘जिसने न्याय दिलाया, उसकी तारीफ करना क्या गलत है?’

