बलरामपुर में सीएम योगी का दो दिवसीय दौरा, देंगे 1000 करोड़ की सौगात
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 और 28 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर आ रहे हैं। उनका आगमन शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे प्रस्तावित है। वे तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवी मंदिर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। धार्मिक दृष्टि से यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सीएम योगी देवीपाटन शक्तिपीठ में नवरात्रि के समय में देवी आराधना करते हुए दिखाई देंगे।
मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन
अगले दिन सुबह मुख्यमंत्री मंदिर में विधिविधान से दर्शन-पूजन करेंगे। परंपरा के अनुसार वे मंदिर परिसर स्थित गौशाला में गायों को चारा और गुड़ भी खिलाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री तुलसीपुर क्षेत्र के घुघुलपुर गांव में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है।

1000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
अपने इस दौरे में मुख्यमंत्री बलरामपुर को लगभग 1000 करोड़ रुपये की 222 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें से 462.74 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 568 करोड़ रुपये की 62 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।
पॉलिटेक्निक का उद्घाटन, विश्वविद्यालय का निरीक्षण
जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री बलरामपुर में बने राजकीय पॉलिटेक्निक भवन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही प्रस्तावित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में कुछ समय रुकने के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
सीएम योगी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। कार्यक्रम स्थलों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विशाल पंडाल में श्रद्धालुओं और जनता के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सैकड़ों श्रमिक लगातार पंडाल निर्माण और मंच की सजावट में जुटे हैं।
जिलेवासियों में उत्साह
मुख्यमंत्री योगी के इस दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि नई योजनाओं से बलरामपुर का विकास और गति पकड़ेगा। धार्मिक और विकास दोनों दृष्टियों से यह दौरा ऐतिहासिक साबित हो सकता है।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

