CM योगी का पश्चिम यूपी दौरा, मेरठ में पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप और आगरा में अटलपुरम योजना का करेंगे शिलान्यास
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहां वह हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इस दौरान वह राज्य की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप, अटलपुरम आवासीय योजना, और अमृत सरोवर समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात प्रदेश को देंगे।
मेरठ: पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप का शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी (आज) सोमवार को मेरठ में राज्य की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।
मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) द्वारा विकसित की जा रही इस टाउनशिप को पहले चरण में 142 हेक्टेयर क्षेत्र में बनाया जाएगा, जिसे कुल 31 ज़ोन में विभाजित किया गया है। परियोजना के लिए 850 करोड़ रुपये की धनराशि पहले ही स्वीकृत हो चुकी है।
टाउनशिप को मेरठ के 5 गांवों के क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जो कि अब दिल्ली से बेहतर कनेक्टिविटी के चलते रियल एस्टेट और विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बन चुका है।
सहारनपुर: अमृत सरोवर का उद्घाटन और लाभार्थियों को सम्मान
अपने दौरे की शुरुआत में सीएम योगी सहारनपुर जाएंगे, जहां वह:
-
धार्मिक स्थल गोगा म्हाड़ी में दर्शन करेंगे
-
म्हाड़ी प्रांगण में बनाए गए अमृत सरोवर का उद्घाटन करेंगे
-
381 योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपेंगे
-
विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे
-
मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा में भी भाग लेंगे
आगरा: अटलपुरम योजना और ₹1700 करोड़ की योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को आगरा पहुंचेंगे, जहां वह:
-
आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की महत्वाकांक्षी अटलपुरम आवासीय योजना का शुभारंभ करेंगे
-
करीब 1700 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे
-
सर्किट हाउस परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे
प्रशासन ने कसी कमर
मेरठ मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद और MDA के उपाध्यक्ष संजय मीना ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनज़र मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रमों में कोई चूक न हो और सुरक्षा व व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार की उम्मीद
राज्य सरकार की इन परियोजनाओं से न केवल आवासीय और शहरी विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
इंटीग्रेटेड टाउनशिप और अटलपुरम योजना जैसे प्रोजेक्ट्स, राज्य की दीर्घकालिक विकास रणनीति का हिस्सा हैं।

