प्रशांत किशोर ने तेजस्वी के गढ़ राघोपुर से चुनावी अभियान शुरू कर दी थी चुनौती, केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव में ताल ठोंक रहे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) के ख़िलाफ़ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। प्रशांत किशोर पर यह केस वैशाली ज़िले के राघोपुर थाने में दर्ज किया गया है।

आरोप है कि प्रशांत किशोर सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ राघोपुर पहुँचे थे, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। अंचलाधिकारी के आवेदन पर यह मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि प्रशांत किशोर ने शनिवार को इसी राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से अपने चुनावी अभियान की धमाकेदार शुरुआत की थी।

तेजस्वी के गढ़ में PK की हुंकार, अमेठी जैसी हार देंगे

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के गढ़ राघोपुर से अपना चुनावी बिगुल फूंका। उन्होंने सीधे-सीधे तेजस्वी को उनके ही पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्र में अमेठी जैसी हार देने का दावा किया। पटना से क़रीब 50 किलोमीटर दूर गंगा के उस पार स्थित राघोपुर में प्रशांत किशोर का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर ज़ोरदार स्वागत किया।

प्रशांत किशोर ने राघोपुर में जनता से पूछा, आपका विधायक दो बार उपमुख्यमंत्री रह चुका है। क्या कभी उसने आपकी समस्याएं सुनीं? इस पर कई ग्रामीणों ने शिकायत की कि वे तेजस्वी यादव से मिल भी नहीं पाते। राघोपुर रवाना होने से पहले पटना में प्रशांत किशोर ने कहा, सुनने में आ रहा है कि तेजस्वी यादव इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं। अगर उन्हें डर लग रहा है, तो दो जगह से लड़ लें। लेकिन राघोपुर में उनका हाल 2019 में राहुल गांधी जैसा होगा, जब वे दो सीटों से लड़े थे और अमेठी हार गए थे।

जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या वह ख़ुद राघोपुर से तेजस्वी यादव के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने पत्ते नहीं खोले। उन्होंने कहा, जन सुराज पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार को होगी। राघोपुर से मिले फीडबैक के आधार पर सबसे उपयुक्त उम्मीदवार तय किया जाएगा। यह कहना अभी संभव नहीं कि वह मैं होऊँगा या कोई और।

Also Read: Varanasi News: बड़ागांव पुलिस ने दीपावली से पहले पटाखा गोदाम किया सील, अवैध स्टॉक जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.