यूपी में ‘कोल्ड टॉर्चर’: 22 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन, मेरठ रहा सबसे ठंडा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में भीषण शीतलहर और कोहरे का प्रकोप चरम पर है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बाद वहां से आ रही पछुआ हवाओं ने पूरे प्रदेश को ठिठुरा दिया है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 15 जिलों में ‘अत्यंत शीत दिवस’ (Severe Cold Day) रहने का पूर्वानुमान है।
शून्य हुई दृश्यता, मेरठ में सबसे ठंडी रात
शुक्रवार को कोहरे की घनी चादर के कारण राजधानी लखनऊ समेत प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और सहारनपुर जैसे शहरों में विजिबिलिटी (दृश्यता) शून्य दर्ज की गई। इसका सीधा असर यातायात और रेल सेवाओं पर पड़ा है। शुक्रवार रात 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मेरठ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
पछुआ हवाओं का सितम और तापमान में गिरावट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर इसी तरह बना रहेगा। पछुआ हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है, जिससे धूप निकलने के बावजूद राहत नहीं मिल रही है। राजधानी में अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दो दिनों में रात के पारे में 2-3 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।
इन जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के तराई और पूर्वांचल के इन प्रमुख जिलों में सावधानी बरतने को कहा है। जिसमें देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली समेत कई जिले शामिल है।

