कोलंबिया में सैन्य विमान क्रैश होने से 66 जवानों की मौत, 57 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: दक्षिणी कोलंबिया के पुटुमायो क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ कोलंबियाई वायु सेना का एक मालवाहक विमान (C-130 हरक्यूलिस) उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में अब तक 66 सैनिकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 57 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। विमान में चालक दल के सदस्यों समेत कुल 125 लोग सवार थे।

कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित ‘हरक्यूलिस सी-130’ विमान पेरू की सीमा के पास स्थित प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भर रहा था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि विमान हवा में जाते ही अचानक तेजी से नीचे गिरा और जमीन से टकराते ही मलबे से धुएं का गुबार उठने लगा। यह दुर्घटना रिहायशी इलाके से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर हुई।

राष्ट्रपति का छलका दर्द

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और बचाव कार्य में जुटे लोगों का आभार माना। राष्ट्रपति ने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण में हो रही देरी और “नौकरशाही की अड़चनों” पर अफसोस जताया, जिसकी वजह से सैनिकों को पुराने विमानों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।

दान में मिला था 60 साल पुराना मॉडल

हादसे का शिकार हुआ विमान ‘सी-130एच हरक्यूलिस’ सीरीज का काफी पुराना मॉडल था। रिकॉर्ड्स के मुताबिक, यह विमान पहली बार मार्च 1965 में सेवा में आया था। सितंबर 2020 में अमेरिकी वायु सेना ने इसे कोलंबियाई वायु सेना को दान (Donation) के रूप में दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि विमान की उम्र और तकनीकी स्थिति जांच का मुख्य विषय होगी।

कोलंबियाई एयरोस्पेस फोर्स (FAC) के कमांडर कार्लोस सिल्वा ने बताया कि घायल सैनिकों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी बोगोटा ले जाया गया है। रक्षा मंत्री सांचेज़ ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की मदद के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल, एक उच्च स्तरीय जांच दल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटा है।

Also Read: मानवेंद्र प्रताप सिंह बने हिंदू महासभा के देवीपाटन मंडल अध्यक्ष, गोंडा, बहराइच समेत 4 जिलों में संगठन को मिलेगी नई धार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.