हास्य अभिनेता सतीश शाह का निधन, ‘जाने भी दो यारो’ से मिली थी जबरदस्त लोकप्रियता

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय टेलीविजन और सिनेमा जगत के दिग्गज हास्य अभिनेता सतीश शाह का निधन हो गया है। अपनी कमाल की कॉमिक टाइमिंग और चुलबुले अंदाज़ के लिए पहचाने जाने वाले सतीश शाह ने दर्शकों के दिलों में एक अमिट छाप छोड़ी है। 74 वर्षीय सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को बॉम्बे (अब मुंबई) में हुआ था। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में लगभग 250 फिल्मों में काम किया।

फिल्मों के साथ-साथ सतीश शाह को टेलीविजन की दुनिया में भी अपार लोकप्रियता मिली। उन्हें घर-घर में पहचान मिली 2004 के सिटकॉम ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ से, जहाँ उन्होंने परिवार के मुखिया इंद्रवर्धन साराभाई का यादगार किरदार निभाया था। इससे पहले, 1984 के सिटकॉम ‘ये जो है जिंदगी’ में उन्होंने एक ऐसा कमाल किया था जो भारतीय टेलीविजन के इतिहास में दर्ज हो गया। इस सीरियल के 55 एपिसोड में वह हर बार एक अलग किरदार में नज़र आए, यानी उन्होंने एक ही शो में 55 अलग-अलग किरदार निभाए।

इन दोनों ही पॉपुलर सीरियल में उन्होंने अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह के साथ काम किया था। इसके अलावा वह ‘फिल्मी चक्कर’, ‘घर जमाई’ और ‘ऑल द बेस्ट’ जैसे शोज में भी नजर आए और ‘कॉमेडी सर्कस’ में बतौर जज भी काम किया।

Satish Shah passes away

यादगार फिल्मी सफ़र

सतीश शाह का फ़िल्मी सफर 1980 के दशक में शुरू हुआ। 1983 की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ में म्युनिसिपल कमिश्नर डी’मेलो के किरदार ने उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई। उनकी यादगार फिल्मों में ‘मैं हूँ ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘फना’, ‘वीराना’ और ‘ओम शांति ओम’ शामिल हैं, जिनके उनके संवाद आज भी दर्शकों को गुदगुदाते हैं। सतीश शाह ने 1972 में डिज़ाइनर माधु शाह से शादी की थी। भारतीय मनोरंजन जगत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

Also Read: मथुरा: सांसद हेमा मालिनी के आवास जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका, हुई तीखी नोकझोंक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.