नए वित्त वर्ष के पहले ही दिन कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा, बाहर खाना होगा और भारी
Sandesh Wahak Digital Desk: 1 अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत खुशियों के साथ होनी चाहिए थी, लेकिन पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी कर जनता को बड़ा झटका दिया है। ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध और वैश्विक तनाव के कारण ऊर्जा संकट गहरा गया है, जिसका सीधा असर अब भारत में गैस की कीमतों पर दिख रहा है।
दिल्ली में 2000 के पार पहुंचा दाम
सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों (Oil PSUs) ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 195.50 रुपये का बड़ा इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब यह सिलेंडर 1883 से बढ़कर 2078.50 रुपये का हो गया है। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले एक महीने (1 मार्च) से अब तक कमर्शियल सिलेंडर के दाम कुल 310 रुपये तक बढ़ चुके हैं।
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर
आम जनता के लिए थोड़ी राहत की खबर यह है कि घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत अभी भी 913 रुपये पर बरकरार है। हालांकि, पिछली बार 7 मार्च को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति के कारण होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से होने वाली गैस और कच्चे तेल की सप्लाई ठप पड़ने का डर है। कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में आसमान छू रही हैं, जिसकी वजह से दुनिया भर में ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए वैश्विक उथल-पुथल का असर यहाँ साफ़ दिख रहा है।
भले ही घरेलू सिलेंडर महंगा न हुआ हो, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर खाना महंगा हो सकता है। हलवाई और कैटरिंग सर्विस वाले भी अपनी दरें बढ़ा सकते हैं, जिसका सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर ही पड़ेगा।
Also Read: अमरावती को एकमात्र राजधानी बनाने की तैयारी, संसद में आ सकता है आंध्र प्रदेश पुनर्गठन विधेयक

