‘वाराणसी में वोट चोरी का इनाम मिला कमिश्नर को’, अजय राय का PM मोदी पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके चुनाव जीते हैं। राय ने वाराणसी में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि तत्कालीन कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने वोट चोरी कराई, जिसका इनाम उन्हें दिल्ली भेजकर दिया गया है।

कांग्रेस बनाएगी ‘न्याय योद्धा’

अजय राय ने बताया कि 23 अगस्त से कांग्रेस ‘न्याय योद्धा’ बनाएगी। ये योद्धा उन लोगों की मदद करेंगे, जिन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाया गया है। इसके साथ ही, वे भविष्य में होने वाली ‘वोट चोरी’ को भी रोकेंगे। राय ने आरोप लगाया कि वाराणसी में चुनाव के दौरान सातवें राउंड के बाद वेबसाइट पर रिजल्ट अपडेट करना बंद कर दिया गया था, जो वोट चोरी का सबूत है। उन्होंने कहा कि इस तरह का खेल दोबारा न हो, इसके लिए पुख्ता रणनीति बनाई जा रही है।

किसानों और अधिवक्ताओं के मुद्दे भी उठाए

अजय राय ने सिर्फ चुनाव में धांधली का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि अन्य समस्याओं पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान खाद की कमी से परेशान हैं, जो सरकार की नाकामी है। इस मुद्दे पर राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जा रहा है और जल्द ही पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर भी आंदोलन चलाने की बात कही।

राय ने कहा कि आगरा में वोट चोरी का विरोध करने पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी लोगों को न्याय दिलाने के लिए काम करेगी।

अजय राय ने कहा कि योगी सरकार में जिस तरह सच बोलने पर और सरकार की कुनीतियों का विरोध करने पर फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं। उसमें न सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ता बल्कि पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता भी पिस रहे हैं। हम अपने विधि विभाग का नए सिरे से पुनर्गठन कर न्याय योद्धा बनाऐंगे। इस न्याय योद्धा की एक कार्यशाला 23 अगस्त को आयोजित कि जाएगी जिसमें उत्तर प्रदेश की 360 तहसीलों से लगभग 500 अधिवक्ता प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यह न्याय योद्धा सरकारी तानाशाही के शिकार लोगों को कानूनी रूप से न्याय दिलाने के साथ-साथ सच और इंसाफ की लौ जलाने का काम करेंगे।

प्रेसवार्ता में विधि विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर आसिफ रिज़वी रिंकू ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार ने लगभग 1719 मुकदमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक प्रतिशोध के चलते दर्ज कराएं हैं। हम अपने सभी कार्यकर्ताओं को कानूनी सहायता प्रदान करेंगे। इतना ही नहीं प्रदेश भर में जूनियर अधिवक्ताओं को (पांच साल तक) स्टाइपेन्ड दिलाने तथा सरकार पर दबाव बनाकर मृतक अधिवक्ताओं के परिजनों को 2000000/-(बीस लाख रुपये) की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मांग की जाएगी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत मौजूद रहे।

Also Read: LDA ने कब्रिस्तान में बनाया PM आवास, न्याय के लिए पहुंचा बुजुर्ग, बोला- फांसी पर लटका दो या गोली मार दो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.