Lucknow News: कमिश्नर ने किया राम मनोहर लोहिया अस्पताल का दौरा, कुपोषण से लड़ने पर दिया जोर
Lucknow News: लखनऊ की कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने गुरुवार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बने मिनी पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुपोषण से जूझ रहे बच्चों और उनकी माताओं से मुलाकात की। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कुपोषण को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जैकब ने कहा कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और मुख्य सेविकाओं को हर शनिवार को कुपोषित (SAM) बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। जो बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित पाए जाते हैं, उन्हें तुरंत बलरामपुर या डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के NRC में भर्ती कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को NRC में भर्ती करने की ज़रूरत नहीं है, उन्हें छह ज़रूरी दवाएँ दी जाएँ और उनकी जानकारी ई-कवच पोर्टल पर भी दर्ज की जाए। इसके अलावा, हफ्ते में एक बार उनके स्वास्थ्य की जाँच भी की जाए।
पोषण पुस्तिका से मिलेगा बच्चों को सही आहार
डॉ. जैकब ने अस्पताल में भर्ती कुपोषित बच्चों को दुलारा और उनकी माताओं से बात की। माताओं ने बताया कि यहाँ बच्चों को अच्छा इलाज और पौष्टिक भोजन मिल रहा है। कमिश्नर ने संतोष जताते हुए कहा कि बच्चों को डिस्चार्ज करते समय उनके माता-पिता को पोषण पुस्तिका भी दी जाए। इस पुस्तिका में घर पर आसानी से उपलब्ध सामग्री से पौष्टिक आहार बनाने के तरीके बताए गए हैं, ताकि बच्चे दोबारा कुपोषण का शिकार न हों।

कमिश्नर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे महिला कल्याण विभाग के साथ मिलकर पोषण आहार पुस्तिका सभी तक पहुँचाएँ। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा और एएनएम को भी लगातार बच्चों का वजन और ऊँचाई जाँचकर कुपोषण के शिकार बच्चों की पहचान करने के लिए कहा, ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके।
Also Read: Lucknow News: महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया सीएम ग्रिड्स फेज-2 का शिलान्यास

