UPPSC के बाहर प्रतियोगी छात्रों का उबाल, पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (UPPSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता की मांग को लेकर सोमवार को प्रयागराज में माहौल गरमा गया। बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र-छात्राएं लोकसेवा आयोग के गेट नंबर दो के बाहर एकत्र हुए और पोस्टर-बैनर लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन की प्रमुख मांगें

प्रतियोगी छात्रों का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में जवाबदेही की कमी है और आयोग उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। छात्रों की दो प्रमुख मांगें हैं।

जिसमें एक आयोग सभी भर्ती परीक्षाओं की संशोधित (Revised) उत्तरकुंजी (Answer Key) सार्वजनिक करे। इससे अभ्यर्थियों को अपने अंकों और मूल्यांकन प्रक्रिया की सही जानकारी मिल सकेगी। दूसरी छात्रों ने सभी भर्ती परीक्षाओं के श्रेणीवार (Category-wise) कटऑफ अंक जारी करने की मांग की है, ताकि चयन प्रक्रिया पर संदेह समाप्त हो सके।

पुलिस और छात्रों के बीच झड़प

‘हुंकार मंच’ समेत कई प्रतियोगी छात्र संगठनों के समर्थन से यह प्रदर्शन महाआंदोलन का रूप लेने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए UPPSC परिसर के आसपास के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी और आरएएफ की तैनाती की गई।

जब छात्रों ने सड़क पर बैठकर आंदोलन तेज करने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हल्की झड़प हुई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए कुछ छात्रों को हटाया और दो छात्रों को हिरासत में लिया। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पूरे घटनाक्रम पर पुलिस ड्रोन कैमरों से निगरानी करती रही।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, जबकि आंदोलनकारी छात्रों ने अपनी मांगें पूरी न होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया है।

Also Read: बीएलओ ड्यूटी के दबाव में एक और शिक्षक की मौत? बरेली में प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा का निधन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.