Varanasi News: प्रधान संघ संवाद में उठी समस्याएं, सीडीओ ने दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश
स्वच्छता, शिक्षा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली व फार्मर रजिस्ट्री पर दिया विशेष जोर
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी विकासखंड हरहुआ स्थित सभागार में आयोजित प्रधान संघ संवाद कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वाराणसी श्री हिमांशु नागपाल ने ग्राम प्रधानों से संवाद कर ग्राम स्तर पर व्याप्त समस्याओं व शिकायतों की जानकारी ली।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों द्वारा दी गई शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान सीडीओ नागपाल ने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे अपने ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाए रखने, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, किसानों की 100 प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
संवाद में उठे प्रमुख मुद्दे
संवाद बैठक में ग्राम प्रधानों द्वारा निम्नलिखित मुद्दों पर शिकायतें और सुझाव प्रस्तुत किए गए:
-
प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा कक्षों की स्थिति एवं शिक्षकों की उपस्थिति
-
आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार वितरण की गुणवत्ता
-
अपात्र अंत्योदय कार्डधारकों का राशन कार्ड निरस्तीकरण
-
बिजली, सड़क, जल जीवन मिशन योजनाओं की प्रगति
-
ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था
-
आरआरसी केंद्र का संचालन
-
वृद्धा, विधवा व दिव्यांगजन पेंशन वितरण
सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उपरोक्त बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करते हुए ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें ग्रामीण
सीडीओ नागपाल ने ग्राम प्रधानों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि ग्राम पंचायत का कोई भी पात्र लाभार्थी स्पॉन्सरशिप योजना, टीवी मुक्त ग्राम, फैमिली आईडी, पीएम सूर्य घर योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख अधिकारी व गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम पवन कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी बद्री प्रसाद वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार, सीडीपीओ दिलीप केसरी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशिष कुमार वर्मा, एडीपीआरओ राम उदय यादव, सप्लाई इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार सिंह,
सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) रबी कुमार सिंह, एडीओ (पंचायत) रबी सिंह यादव, सहायक विकास अधिकारी संख्या शैलेन्द्र सिंह सहित ब्लॉक व तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रधान संघ के जिला महामंत्री मधुबन यादव, संजय कुमार, संजय सिंह पटेल, खरपत्तू यादव, इंद्रजीत प्रसाद सहित लगभग सभी ग्राम प्रधानों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: पुलिस का खुलासा, बरेली हिंसा की 5 दिन से चल रही थी साज़िश, उपद्रवियों पर लगेगा NSA

