लखनऊ यूनिवर्सिटी में संग्राम: रोहित वेमुला स्मृति मार्च के दौरान BAPSA और ABVP में हिंसक झड़प

Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय का परिसर नारों और हंगामे से गूंज उठा। मौका था रोहित वेमुला की याद में ‘रोहित स्मृति मार्च’ का, जिसे लेकर ‘बाप्सा’ (BAPSA) और ‘एबीवीपी’ (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

दोपहर करीब 12 बजे बिरसा अंबेडकर फुले छात्र संगठन (BAPSA) के छात्र यूनिवर्सिटी की अंबेडकर प्रतिमा के पास इकट्ठा हुए। वे रोहित वेमुला की याद में पदयात्रा निकाल रहे थे और “रोहित हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” जैसे नारे लगा रहे थे। पुलिस ने शुरुआत में उन्हें समझाकर शांत कराया, लेकिन तभी दूसरे गुट (ABVP) के छात्रों के साथ नारों को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ ही पलों में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।

BAPSA का आरोप

घटना के बाद बाप्सा की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर आरोप लगाया गया कि उनकी यात्रा शांतिपूर्ण थी। संगठन का कहना है कि आरएसएस और एबीवीपी से जुड़े लोगों ने छात्रों पर जानलेवा हमला किया और यात्रा रोकने की कोशिश की। इस झड़प में एक छात्र को गंभीर चोट आने की बात भी कही गई है। संगठन के नेताओं का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर अपना दमन बर्दाश्त नहीं करेंगे।

ABVP का पलटवार

दूसरी ओर, एबीवीपी से जुड़े शोध छात्र प्रत्यूष पांडेय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि बाप्सा के कार्यकर्ता बिना अनुमति के मार्च निकाल रहे थे और आपत्तिजनक व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले नारे लगा रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि राधेश्याम को उनके ब्राह्मण होने और संगठन से जुड़े होने के कारण निशाना बनाया गया और उन पर जानलेवा हमला किया गया।

पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

हसनगंज कोतवाली में बाप्सा अध्यक्ष शिखर दास समेत 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है और परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: मिर्जापुर से चुनावी शंखनाद: पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेगी AAP, संजय सिंह ने बीजेपी को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.