भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की आत्मा है: काजी सुहेल
Siddharthnagar News: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद द्वारा पार्टी का ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी कांग्रेस जनों ने महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे महान नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग और बलिदान का रहा है। उन्होंने कहा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह देश की आत्मा है। आज जब महंगाई, बेरोज़गारी और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले बढ़ रहे हैं, तब कांग्रेस ही आम जनता की मज़बूत आवाज़ बनकर खड़ी है।

राहुल गांधी के नेतृत्व में संघर्ष का संकल्प
पार्टी के जिला उपाध्यक्षों जावेद मोकीम, अनिल सिंह अन्नू और सादिक अहमद ने संयुक्त रूप से कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी आज गरीब, किसान और युवाओं के अधिकारों के लिए लड़ रही है। वहीं पूर्व प्रत्याशी देवेन्द्र कुमार गुड्डू और जिला सचिव ओमप्रकाश दूबे ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब हमें जनसमस्याओं के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष और तेज़ करना होगा।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर पंकज चतुर्वेदी, रियाज़ मनिहार, सुदामा प्रसाद, होरी लाल श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद कुमार, मुकेश चौबे, संतोष चौधरी, आसिफ़ रिज़्वी, ज़ुबैर अहमद, दिलीप कुमार आजाद और रितेश त्रिपाठी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट- जाकिर खान

