शंकराचार्य के समर्थन में उतरी कांग्रेस, सिद्धार्थनगर में काजी सुहेल के नेतृत्व में प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में आज राजनीति और धर्म के सम्मान को लेकर एक बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्यों के साथ कुंभ मेले के दौरान हुई कथित अभद्रता और हाल ही में उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर (FIR) के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी।
जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
कांग्रेस जिला अध्यक्ष काजी सुहेल अहमद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

क्या हैं ज्ञापन की मुख्य मांगें?
ज्ञापन में मुख्य रूप से दो घटनाओं पर आपत्ति जताई गई है और उनकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
मौनी अमावस्या के अवसर पर शंकराचार्य और उनके शिष्यों को पवित्र स्नान से रोकने तथा बटुकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच।
शंकराचार्य और उनके शिष्यों पर हाल ही में दर्ज कराए गए यौन शोषण के आरोपों वाली एफआईआर को निरस्त करने और पूरे मामले की पारदर्शिता से जांच करने की मांग।
“लोकतंत्र में सभी धर्मों का सम्मान जरूरी” – काजी सुहेल
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा, “भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी धर्मों और आध्यात्मिक परंपराओं का सम्मान सर्वोपरि है। यदि किसी संत के साथ अन्याय हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। हमारा मकसद किसी पक्ष का अंध समर्थन करना नहीं, बल्कि सत्य और संविधान के अनुसार न्याय सुनिश्चित कराना है।”
सनातन परंपरा और कानून का सम्मान
कार्यक्रम में मौजूद कृष्ण बहादुर सिंह और सतीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि देश की सनातन परंपरा में शंकराचार्य का पद अत्यंत सम्माननीय है। किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई पूर्ण निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए ताकि जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।
इनकी रही उपस्थिति
इस प्रदर्शन के दौरान राजन श्रीवास्तव, सुदामा प्रसाद, ऋषिकेश मिश्रा, रियाजउद्दीन राईनी, अकील अहमद मुन्नू, रितेश त्रिपाठी, होरी लाल श्रीवास्तव और डॉ. प्रमोद कुमार सहित कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान

