वन नेशन, वन इलेक्शन पर कांग्रेस का विरोध तेज, JPC को सौंपा 51 पन्नों का जवाब
UP Politics: ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर संसद की संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस ने समिति को 51 पन्नों का विस्तृत दस्तावेज सौंपते हुए प्रस्ताव का विरोध दर्ज कराया।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और देश के संघीय ढांचे को मजबूत बनाए रखने के पक्ष में है। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था से सत्ता का अत्यधिक केंद्रीकरण हो सकता है और राष्ट्रपति प्रणाली जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि केवल चुनावी खर्च कम करने या प्रशासनिक सुविधा के आधार पर संविधान में संशोधन उचित नहीं है। कांग्रेस इस प्रस्ताव को संविधान की मूल भावना के खिलाफ मानती है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध जारी रखेगी।
बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए ऋषि दिवाकर
इटावा के लखना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय राम लखन धोबी के पुत्र ऋषि दिवाकर ने अपने कई समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। अजय राय ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन मजबूत हो रहा है। सदस्यता अभियान में बंटी उर्फ फिरोज, जानू तिवारी, पंकज यादव, अशोक दोहरे, मोहम्मद तसलीम समेत कई कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
KGMU में मांसाहार रोकने के फैसले पर भी उठाए सवाल
केजीएमयू छात्रावासों में मांसाहार पकाने पर रोक लगाने के फैसले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन की आलोचना की। वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने इसे असंवैधानिक बताते हुए कहा कि किसी नागरिक के खान-पान पर प्रतिबंध लगाना व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया।
Also Read : मोदी कैबिनेट की बड़ी सौगात: Semicon 2.0 से लेकर काशी के मेगा कॉरिडोर तक, जानिए 7 बड़े फैसले

