‘संकट में फंसे भारतीयों पर राजनीति कर रही कांग्रेस’, केरल में राहुल गांधी को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरल में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर ‘राष्ट्रीय संकट’ के समय भी गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया। ईरान-अमेरिका तनाव और पश्चिम एशिया के बिगड़ते हालात का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि विपक्ष की बयानबाजी भारतीयों की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है।

खाड़ी देशों का आभार, कांग्रेस पर वार

पीएम मोदी ने कहा कि खाड़ी देशों की सरकारें वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं और भारत सरकार उनके संपर्क में है। पीएम ने बताया कि भारतीय दूतावास दिन-रात मेडिकल, कानूनी और खाने-पीने की सुविधा मुहैया करा रहा है। पीएम ने दुख जताते हुए कहा, “ऐसे वैश्विक संकट में भी कांग्रेस सिर्फ इसलिए भड़काऊ बयान दे रही है ताकि हालात और खराब हों और अंत में वे मोदी पर इल्जाम लगा सकें।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि ‘युवराज’ को देश के विकास की जानकारी ही नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा और कंपनियां ड्रोन टेक्नोलॉजी में दुनिया को राह दिखा रहे हैं, लेकिन विपक्ष को यह सब नहीं दिखता।

केरल के लिए ‘मोदी की गारंटी’

प्रधानमंत्री ने केरल की जनता से LDF और UDF के बारी-बारी से आने वाले पुराने पैटर्न को तोड़ने की अपील की। पीएम ने वादा किया कि भाजपा केरल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भविष्य की तकनीकों का हब बनाएगी। उन्होंने कहा कि केरल के लोग अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुके हैं और त्रिशूर व तिरुवनंतपुरम में भाजपा की जीत इस बदलाव का ट्रेलर है।

“संकट में अपनों को अकेला नहीं छोड़ता नया भारत”

वेस्ट एशिया संकट पर भरोसा दिलाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों को कहीं भी फंसा हुआ नहीं छोड़ता। केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि खाड़ी क्षेत्र में फंसे हर भारतीय को सुरक्षित रखा जाए और उन्हें हर संभव मदद दी जाए।

Also Read: सूरत की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 20 से ज्यादा गाड़ियां काबू पाने में जुटीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.