‘कांग्रेस इस बात से परेशान है कि मोदी सब कैसे कर लेता है’, गुवाहाटी में पीएम मोदी ने साधा विपक्ष पर निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के गुवाहाटी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल बयानों तक सीमित है, जबकि भाजपा धरातल पर बदलाव लाने में विश्वास रखती है। पीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा आतंकियों का तुष्टिकरण किया और देश की सुरक्षा को खतरे में डाला।

“कांग्रेस आतंकियों को कंधों पर बिठाती है, हम घर में घुसकर मारते हैं”

प्रधानमंत्री ने सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा, “एक वो दौर था जब कांग्रेस आतंकियों को अपने कंधे पर बिठाकर घूमती थी, और एक आज का भारत है जो दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारता है।” उन्होंने असम के साथ हुए पुराने भेदभाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में इस राज्य को विकास के लिए तरसाया गया और पूर्वोत्तर को मुख्यधारा से काटकर रखा गया।

11 साल में 5.5 लाख करोड़ की सौगात

असम के आर्थिक विकास पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने राज्य की विभिन्न परियोजनाओं के लिए 5.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की है। उन्होंने सवाल किया कि जो पार्टी असम को फंड देने में कतराती थी, क्या वो कभी यहाँ का विकास कर सकती है? उन्होंने बताया कि इस साल के बजट में पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे न केवल रास्ते सुगम होंगे बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कार्यकर्ताओं की मेहनत को किया सलाम

अपनी कामयाबी का श्रेय पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को देते हुए पीएम मोदी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, भाजपा आज जिस ऊंचाई पर है, वह केवल उन समर्पित कार्यकर्ताओं की वजह से है जिन्होंने दिन-रात एक कर दिया। संगठन की शक्ति ही वह नींव है जिस पर राष्ट्र निर्माण की इमारत खड़ी होती है।

कनेक्टिविटी से बदलेगी असम की तस्वीर

पीएम ने कहा कि असम में सड़कों और हाईवे के जाल बिछाने के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उनका मानना है कि जब कनेक्टिविटी बढ़ती है, तो व्यापार और पर्यटन को पंख लगते हैं, जिसका सीधा फायदा यहां के युवाओं को मिलेगा।

Also Read: ‘किसानों की जमीन पर भाजपा की नजर’, अजय राय बोले- 17 फरवरी को करेंगे विधानसभा घेराव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.