होटल में 3 लड़कियों के साथ पकड़े गए कांग्रेस नेता पर गिरी गाज, पार्टी ने राहुल को निकाला
MP News: मध्य प्रदेश के गुना में होटल में पुलिस की कार्रवाई के बाद विवादों में आए कांग्रेस नेता राहुल दांगी (Rahul Dangi) पर पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है। राजगढ़ जिले के ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी को कांग्रेस ने तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया है।
कांग्रेस की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि दांगी को कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया और पार्टी इस तरह के कार्यों का हमेशा विरोध करती है। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान राहुल दांगी ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वह सिर्फ चाय पीने के लिए होटल में रुके थे।
होटल में छापेमारी, तीन युवतियों समेत पकड़े गए थे लोग
मामला गुना जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के बीनागंज स्थित होटल राज पैलेस (Hotel Raj Palace) का है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि होटल में कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और कमरों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन युवकों को तीन युवतियों के साथ संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। इनमें Rahul Dangi के अलावा उमाकांत पुरी और इंद्र सिंह मेहर भी शामिल थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और होटल मैनेजर के खिलाफ भी कार्रवाई की।
Rahul Dangi बोले- सिर्फ चाय पीने रुका था
पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल दांगी ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों से इनकार किया था। उनका कहना था कि वह राजस्थान के कामखेड़ा मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे और रास्ते में होटल पर सिर्फ चाय पीने के लिए रुके थे।
दांगी के मुताबिक, होटल में अचानक हंगामा हुआ और पुलिस उन्हें भी अपने साथ ले गई। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से शामिल किया गया है।
वहीं पुलिस की कार्रवाई में शामिल तीनों युवतियां बालिग बताई गईं। पुलिस के मुताबिक, उनकी ओर से कोई शिकायत नहीं मिलने के कारण मामले में आगे की कार्रवाई अलग तरीके से की गई।
पार्टी ने कहा- ऐसे कामों के लिए कांग्रेस में जगह नहीं
मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव संजय कामले की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि इस तरह के कार्यों का कांग्रेस पार्टी हमेशा विरोध करती है और पार्टी में ऐसे कार्यों के लिए कोई स्थान नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर राहुल दांगी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई।
होटल की इस कार्रवाई के बाद Rahul Dangi का नाम सामने आने से कांग्रेस की काफी किरकिरी हो रही थी। अब पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। हालांकि, होटल में वास्तव में क्या हुआ था और राहुल दांगी की भूमिका क्या थी, इस पर उनके अपने दावे पुलिस के आरोपों से अलग हैं।
Also Read: वाराणसी में श्रेया हत्याकांड में बड़ा खुलासा, प्रेमी ने पकड़ा गला तो दोस्त ने चाकू से किया वार

