कांग्रेस सांसद Gaurav Gogoi के पाक कनेक्शन की होगी जांच

Sandesh Wahak Digital Desk: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने इन आरोपों के आधार पर उनके कथित पाकिस्तान कनेक्शन की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी है। उन्होंने दावा किया कि एलिजाबेथ कोलबर्न वर्ष 2011-12 के दौरान पाकिस्तान में कार्यरत थीं और उन्होंने कुल नौ बार पाकिस्तान की यात्रा की। मुख्यमंत्री के अनुसार वे अली तौकीर शेख नामक पाकिस्तानी नागरिक के बेहद करीब थीं और जब इस संबंध में उनसे सवाल पूछे गए तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।

पाक दूतावास जाने को लेकर भी आरोप

हिमंत विश्व शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) युवाओं को लेकर पाकिस्तान दूतावास गए थे और इसकी तस्वीर भी वायरल हुई थी। उन्होंने कहा कि वहां गौरव गोगोई ने काफी समय बिताया था। उन्होंने कहा कि इस तस्वीर को देखने के बाद जांच शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस का कोई अन्य नेता पाकिस्तान दूतावास डेलीगेशन लेकर नहीं गया होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद अब्दुल बसीत असम भी आए थे। एसआईटी रिपोर्ट के बाद असम कैबिनेट ने केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने का फैसला लिया और गृह मंत्रालय को पत्र भेजा गया।

वीजा और पाकिस्तान यात्रा को लेकर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) को केवल लाहौर का वीजा मिला था लेकिन पाकिस्तान पहुंचने के बाद वहां के गृह मंत्रालय ने हस्तक्षेप कर उन्हें इस्लामाबाद और कराची बुलाया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक सामान्य नागरिक को पाकिस्तान में ऐसा विशेष स्वागत क्यों मिला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में दस दिनों तक गौरव गोगोई डिजिटल साइलेंस पर थे और सवाल किया कि क्या उन्हें वहां कोई विशेष ट्रेनिंग दी गई थी।

गृह मंत्रालय को भेजी गई SIT रिपोर्ट

असम सरकार ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख द्वारा कथित तौर पर गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) और उनकी पत्नी के साथ मिलकर भारत विरोधी साजिश रचने की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने पिछले वर्ष दस सितंबर को अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने के लिए दस सितंबर की तारीख तय की गई थी।

कथित संबंधों को लेकर सरकार का रुख

हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उनका मानना है कि गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi), उनकी पत्नी और अली तौकीर शेख के बीच गहरा संबंध है और इसलिए केंद्रीय एजेंसी से जांच की सिफारिश की गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक पाकिस्तानी कंपनी ने एलिजाबेथ को नौकरी दी और बाद में उनका भारत में तबादला कर दिया जबकि उनका वेतन अली तौकीर शेख देता था। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी गौरव गोगोई पर उनकी पत्नी के कथित आईएसआई संबंधों को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। असम मंत्रिमंडल ने इस मामले को गृह मंत्रालय को सौंपने का फैसला किया है।

 

Also Read: कर्नाटक में प्राइवेट ट्रेनिंग Aircraft क्रैश, दो लोग घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.