Meerut News: सोनू कश्यप के परिवार से मिलने जा रहे अजय राय के काफिले को पुलिस ने रोका, तीखी झड़प
Meerut News: उत्तर प्रदेश में अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सियासत उफान पर है। गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जब मुजफ्फरनगर के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान खतौली बॉर्डर पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की और नोकझोंक देखने को मिली।
अजय राय गुरुवार दोपहर मेरठ पहुंचे, जहां सिवाया टोल पर जिलाध्यक्ष गौरव भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद जैसे ही कांग्रेसियों का काफिला मुजफ्फरनगर की ओर बढ़ा, खतौली में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग ने उनका रास्ता रोक लिया। अजय राय ने पुलिस से आगे जाने देने की काफी जिद की, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा और धारा 144 का हवाला देते हुए उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मीडिया से बातचीत में अजय राय ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मुजफ्फरनगर के सोनू कश्यप को सरधना में जिंदा जलाकर मार दिया गया, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस दोषियों को बचाने में जुटी है। पीड़ितों के आंसू पोंछने जाने वालों को रोकना लोकतंत्र की हत्या है। ऐसा कभी किसी सरकार में नहीं हुआ कि संवेदना व्यक्त करने पर पाबंदी लगा दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर पुलिस तानाशाह बन गई है और कपसाड़ व ज्वालागढ़ जैसे गांवों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
Also Read: Bareilly News: चाकू से हमला करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, मुख्य अभियुक्त सहित तीन गिरफ्तार

