यूपी में दलितों पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, तनुज पुनिया ने लगाया गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश में लगातार दलितों के खिलाफ बढ़ते उत्पीड़न और अपराधों को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रो. आर.बी. बौद्ध, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुधा मिश्रा और सिद्धिश्री प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देकर सरकार पर निशाना तनुज पुनिया ने प्रेसवार्ता की शुरुआत प्रसिद्ध कवि अदम गोंडवी की पंक्तियों से की—
“तुम्हारी फ़ाइलों में गाँव का मौसम गुलाबी है,
मगर ये आँकड़े झूठे हैं, ये दावा किताबी है।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलितों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं और योगी सरकार में दलित होना ही एक अपराध बन गया है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देशभर में दलितों के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध उत्तर प्रदेश में दर्ज किए गए हैं। वर्ष 2022 में अनुसूचित जातियों के खिलाफ दर्ज कुल 51,656 मामलों में से अकेले उत्तर प्रदेश में 12,287 मामले सामने आए थे।

दलितों पर अत्याचार की हालिया घटनाएं
पुनिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ जघन्य अपराध बदस्तूर जारी हैं और कई सामाजिक कुरीतियां, जो अब तक खत्म हो चुकी थीं, फिर से देखने को मिल रही हैं। उन्होंने हाल में हुई कुछ प्रमुख घटनाओं का उल्लेख किया:
- मेरठ (1 मार्च 2025) – कालिंदी गांव में ठाकुर समाज के दबंगों ने दलित दूल्हे की बारात पर हमला किया। दूल्हे के भाई संदीप की पिटाई की गई और दूल्हे की सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट और नकदी लूट ली गई।
- मथुरा (21 फरवरी 2025) – करनावल गांव में राजस्थान के खेड़ा गांव से आई दलित बारात पर हमला हुआ। दबंगों ने बारातियों और दुल्हनों के साथ मारपीट की, जिसके बाद दूल्हे पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया।
- कासगंज (1 मार्च 2025) – सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में एक दलित व्यक्ति की हत्या कर दी गई।
- रायबरेली – डलमऊ थाना क्षेत्र में एक दलित युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उसे बेहोशी की हालत में नग्न अवस्था में घर के बाहर फेंक दिया गया।
- कासगंज – सहावर थाना क्षेत्र में जातिवादी मानसिकता से ग्रसित दबंगों ने दलित युवाओं को बेरहमी से पीटा।
- संभल – एसएम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य पर दलित महिला असिस्टेंट प्रोफेसर से शारीरिक शोषण का आरोप।
- सहारनपुर – सहसपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय दलित बालक प्रिंस की अपहरण के बाद निर्मम हत्या।
- अयोध्या (31 जनवरी 2025) – सहनवान में एक दलित लड़की की जघन्य हत्या।
आरक्षण पर भी संकट
पुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार दलितों को न तो रोजगार दे पा रही है, न सुरक्षा, और न ही उनकी अस्मिता बचा पा रही है। उन्होंने 69,000 शिक्षक भर्ती मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस भर्ती में आरक्षण नियमों का खुला उल्लंघन हुआ, और अदालत के दो बार आदेश देने के बावजूद सरकार ने उसका पालन नहीं किया।
सरकार पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप
उन्होंने कहा कि सरकार केवल दलितों के हक की बात करने का दिखावा करती है, लेकिन असल में उनके अधिकारों को लगातार कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी और दलित समाज को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। प्रेसवार्ता के आखिरी में पुनिया ने कहा कि कांग्रेस दलित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी और भाजपा सरकार की दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करती रहेगी।
Also Read: त्योहारों से पहले बरेली पुलिस की बड़ी बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रणनीति तैयार


