Siddharthnagar News: कांग्रेस का महंगाई और ईंधनों के बढ़ते दामों के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन
Siddharthnagar News: पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और घरेलू रसोई गैस की लगातार आसमान छूती कीमतों के खिलाफ मंगलवार को सिद्धार्थनगर जिले में सियासी पारा चढ़ गया। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर इकट्ठा होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बढ़ती महंगाई पर तुरंत अंकुश लगाने की मांग की गई है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद और महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरन शुक्ला ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की त्रुटिपूर्ण आर्थिक नीतियों का ही नतीजा है कि आज देश का हर नागरिक महंगाई की चौतरफा मार झेल रहा है। ईंधन और एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी, छात्र और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

सड़क से सदन तक लड़ेंगे जनता की लड़ाई
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता, अनिल सिंह अन्नू और सादिक अहमद ने सरकार पर जनता का आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की दुहाई देकर घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना और जनता पर टैक्स का अतिरिक्त बोझ लादना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। कांग्रेस नेताओं ने संकल्प दोहराया कि वे आम जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
वहीं, जिला महासचिव राजन श्रीवास्तव, सतीश चंद्र त्रिपाठी और युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरी चीजों के महंगे होने से आम आदमी का जीवन बेहद दुष्कर हो गया है। सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कटौती करनी चाहिए ताकि गरीब और मध्यम वर्ग को राहत मिल सके।
इस कलेक्ट्रेट घेराव और प्रदर्शन में बदरे आलम, जिल्ले गालिब, सुदामा प्रसाद, रियाज़ मनिहार, डॉ. प्रमोद कुमार, इश्तियाक चौधरी और संतोष त्रिपाठी समेत भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Standard Chartered Bank में बड़ी छंटनी की तैयारी, AI के बढ़ते इस्तेमाल से 7,800 नौकरियों पर खतरा

